रेवाड़ी। सेक्टर-18 मोड़ पर वीरवार दोपहर छात्राओं से भरा ऑटो कार से टकराकर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। ऑटो में करीब 12 छात्राएं सवार थीं। आसपास के लोगों ने ऑटो में फंसी छात्राओं को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। हादसे में तीन छात्राओं की हालत गंभीर बताई जा रही है। दरअसल, सेक्टर-18 स्थित महिला कॉलेज से छात्राओं को लेकर ऑटो बस स्टैंड की ओर आ रहा था। इसी दौरान सेक्टर-18 मोड़ पर ऑटो की कार से टक्कर हो गई। टक्कर के बाद ऑटो सड़क पर पलट गया। हादसे में मुस्कान, कशिश, पिंकी, कुमकुम, मोनिका, सोनिया और चिनाया सहित करीब 12 छात्राएं घायल हो गईं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस जांच में सामने आया कि ऑटो चालक रोहित के पास वाहन से संबंधित पूरे कागजात नहीं थे। बताया गया कि ऑटो की आरसी अदालत में जमा है। वहीं प्रदूषण प्रमाणपत्र और चालक का लाइसेंस भी नहीं मिला। प्रारंभिक जानकारी में ऑटो की तेज गति को हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।