रेवाड़ी के बावल में कटला बाजार स्थित कोमल ज्वेलर की दुकान में चार दिन पूर्व आभूषण व नकदी लूट और दुकानदार के बेटे को गोली मारकर घायल करने के मामले में अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई। इसे लेकर नाराज व्यापारियों ने पुलिस को आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 2 दिन का मोहलत दिया है। इसके बाद बड़ा आंदोलन करने की चेतावनी दी है। अखिल भारतीय स्वर्णकार संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष छतरपाल सोनी पीड़ित दुकानदार प्रीतम सोनी से मिलने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि डीएसपी ने दो दिन में आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि लुटेरों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो बैठक कर आगे की रणनीति बनाई जाएगी। घटना से स्वर्णकार संघ में रोष है। पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार कर जेवरात व कैश बरामद करे। पीड़ित प्रीतम सोनी ने बताया कि घटना को लेकर व्यापारियों में दहशत है। इस मौके पर छतरपाल सोनी, स्वर्णकार संघ पूर्व प्रधान जवाहर सोनी, हीरालाल सोनी मौजूद रहे। उघर घटना में गोली लगने से घायल हितेंद्र का इलाज चल रहा है।