रेवाड़ी में मंगलवार दोपहर बाद मौसम में अचानक आए बदलाव की वजह से जिले में बारिश हो रही है। सुबह तक जहां तेज धूप और गर्मी का असर बना हुआ था। वहीं, दोपहर के बाद आसमान में घने बादल छा गए और देखते ही देखते बारिश शुरू हो गई। कई स्थानों पर तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी हुई, जिससे लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली। खासकर बावल क्षेत्र में बारिश के साथ ओलावृष्टि भी देखने को मिली। ओलावृष्टि के कारण किसानों की चिंता बढ़ गई है, क्योंकि इस समय गेहूं की फसल कटाई के करीब है। ऐसे में ओले गिरने से फसल को नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। मौसम में आए इस बदलाव का असर तापमान पर भी साफ दिखाई दिया। जिले के तापमान में करीब 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे वातावरण में ठंडक घुल गई। दिनभर की गर्मी के बाद अचानक आई इस ठंडक ने लोगों को राहत दी, लेकिन साथ ही मौसम के इस उतार-चढ़ाव ने जनजीवन को भी प्रभावित किया। मौसम विभाग के अनुसार, यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण हुआ है। विभाग ने संभावना जताई है कि आने वाले कुछ घंटों तक इसी तरह का मौसम बना रह सकता है।