रेवाड़ी में पानी की किल्लत से त्रस्त लोगों का गुस्सा आज सड़कों पर फूट पड़ा। चांदपुर की ढाणी के पास स्थानीय निवासियों ने रेवाड़ी-बावल मार्ग पर लकड़ी और पत्थर डालकर जाम लगा दिया। इस प्रदर्शन से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे नौकरी और स्कूल जाने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जाम लगाने वालों में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि पानी की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। अधिकारियों द्वारा आश्वासन मिलने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। एक प्रदर्शनकारी महिला ने कहा कि जाम लगाने के बाद कुछ दिन तक पानी मिलता है, फिर वही पुरानी स्थिति हो जाती है। स्थानीय लोग पहले भी पानी की समस्या को लेकर इसी स्थान पर जाम लगा चुके हैं। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को समझाने और जाम हटाने का प्रयास कर रहे हैं।