स्वास्थ्य कर्मचारी संघ हरियाणा के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को जिला प्रधान रविंद्र बजाड़ के नेतृत्व में स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव से उनके रामपुरा स्थित कार्यालय में मुलाकात कर विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से एम्बुलेंस चालकों की समस्याओं तथा उनसे जुड़े न्यायालय के मामलों पर चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल में जिला उपप्रधान संतोष, प्रदीप (ईएमटी) तथा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य संजीव आरटीएस (सोनीपत) सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने स्वास्थ्य मंत्री को बताया कि एम्बुलेंस चालकों की लंबित समस्याओं का जल्द समाधान किया जाए और न्यायालय के निर्णयों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई की जाए। इस पर स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि उनकी सभी मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जल्द ही सचिवालय में प्रदेश समिति की बैठक बुलाई जाएगी, जिसमें एसीएस हेल्थ, एनएचएम के प्रबंध निदेशक (एमडी) तथा स्वास्थ्य विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को भी शामिल किया जाएगा, ताकि कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान निकाला जा सके।