करनाल जिले के घरौंडा में ऑन ड्यूटी डॉक्टर के साथ मारपीट के मामले को लेकर अब डॉक्टरों में रोष देखने को मिल रहा है। जिला नागरिक अस्पताल में शनिवार को चिकित्सकों ने हड़ताल रखी। हड़ताल के कारण मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। ओपीडी में चिकित्सक न मिलने पर मरीजों को बिना इलाज के ही वापिस लौटना पड़ा। जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। आज की हड़ताल में जिले के 144 चिकित्सक शामिल रहे। इनमें से केवल आपातकालीन सुविधाओं के लिए 10 चिकित्सक तैनात थे। दरअसल, हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विसेज एसोसिएशन (एचसीएमएस) के बैनर तले डॉक्टरों ने करनाल के घरौंडा में ऑन ड्यूटी डॉक्टर के साथ एसएचओ द्वारा मारपीट के मामले को लेकर विरोध जताया। इस दौरान एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने आरोपी एसएचओ व अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की। एसोसिएशन के जिला प्रधान डॉ. सुधा यादव और डॉ. दीपक वर्मा ने बताया कि होली के दिन घरौंडा में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर के साथ वहां के एसएचओ ने दुर्व्यवहार किया और मारपीट की। आरोप है कि डॉक्टर को जबरन ड्यूटी से उठाकर थाने ले जाया गया, जहां उनके साथ मारपीट की गई। डॉक्टरों के अनुसार, जब जिला एसोसिएशन के पदाधिकारी थाने पहुंचे तो सभी संबंधित पुलिसकर्मी वहां से फरार हो चुके थे। इस मौके पर डॉ. सुधा यादव, डॉ. मनीष, डॉ. अभिषेक, डॉ. दीपक, डॉ. विद्यासागर, डॉ. रितु यादव सहित अन्य चिकित्सक हड़ताल में शामिल रहे।