माई सिटी रिपोर्टर पानीपत।* पानीपत के सनोली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नंगला आर गांव में चोरों का जबरदस्त आतंक देखने को मिला है। शातिर चोरों ने बीती रात गांव में धावा बोलते हुए करीब आधा दर्जन घरों के ताले चटकाए और नकदी सहित कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। हैरान करने वाली बात यह है कि चोरों ने वारदात को अंजाम देने से पहले ग्रामीणों को कोई नशीली वस्तु सूंघाकर गहरी नींद में सुला दिया। इस नशीली चीज के असर से सुबह उठने पर कई महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों की तबीयत बिगड़ गई, जिन्हें उल्टी और चक्कर आने की शिकायत है। दुकान और घरों से नकदी व मोबाइल उड़ाए रमेश और कर्मबीर ने बताया कि चोरों ने गांव में रहने वाली मनीषा की कॉस्मेटिक की दुकान और घर को निशाना बनाया। मनीषा ने बताया कि चोर सुबह करीब दो बजे के बाद घर में दाखिल हुए। सुबह जब उनकी आंख खुली तो दुकान के गल्ले में रखी 20 हजार रुपये की नकदी और तीन मोबाइल फोन गायब थे। इसके अलावा, ग्रामीण अंशुल राठी के घर से करीब 50 हजार रुपये कीमत के दो मोबाइल फोन चोरी हो गए। वहीं, धन्ना सोलंकी के घर से भी एक मोबाइल फोन चोरी हुआ है। चोरों ने रणसिंह प्रजापत के घर का भी ताला तोड़कर चोरी करने का प्रयास किया। नशीले पदार्थ के असर से बिगड़ी तबीयत* इस सनसनीखेज वारदात के बाद गांव में दहशत का माहौल है। पीड़िता मनीषा ने बताया कि सुबह उठते ही उन्हें, उनके ससुर रामसिंह और बच्चों को लगातार उल्टियां और चक्कर आने शुरू हो गए। आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने वारदात के दौरान किसी तीव्र नशीले स्प्रे या वस्तु का इस्तेमाल किया था। पुलिस ने दिया जल्द खुलासे का आश्वासन चोरी की सूचना मिलते ही सनोली थाना प्रभारी अजय टीम ने तुरंत नंगला आर गांव पहुंचकर मौका मुआयना किया। पुलिस ने ग्रामीणों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लगातार बढ़ती चोरियों से नाराज ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से रात के समय गश्त बढ़ाने की मांग की है। वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।