सीएम फ्लाइंग की टीम ने ग्रैप-3 के दौरान यमुना में जाने वाले नालों व ड्रेन में केमिकल युक्त पानी डालने के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने सात फैक्टरी मालिकों और 20 ट्रैक्टर चालकों व मालिकों सहित 27 के खिलाफ सनौली खुर्द थाना की पुलिस ने बीएनएस की धाराए 223 बी, 270, 271 व 272 के तहत अभियोग दर्ज कराया है। सीएम फ्लाइंग करनाल की टीम ने वीरवार रात को सनौली रोड पर कुराड फार्म के आसपास फैक्टरियों से केमिकल युक्त पानी ट्रैक्टर टैंकर में भरकर ड्रेन नंबर-2 में डालने के खिलाफ कार्रवाई की। टीम ने 13 ट्रैक्टर-टैंकरों को जब्त किया था। आरटीए ने इन पर 3.26 लाख रुपये का जुर्माना लगाया था। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने केमिकल युक्त पानी के नमूने लेकर जांच को भेजे थे। सीएम फ्लाइंग के डीएसपी पवन वत्स ने पूरे मामले की रिपोर्ट ली और इस मामले में पुलिस कार्रवाई कराने के निर्देश दिए। टीम ने इसकी लिखित शिकायत पर सनौली खुर्द थाना पुलिस को दी। जिसमें कुराड़ फार्म के आसपास की सात फैक्टरी मालिक और 20 ट्रैक्टर चालकों व इनके मालिकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। टीम में इंस्पेक्टर अनीष मलिक, एसआई राज सिंह, सुभाष चंद्र व जोगेंद्र, एएसआई विरेंद्र सिंह व रमेश के अलावा आरटीए व प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड का स्टाफ मौजूद साथ रहा। सीएम फ्लाइंग की टीम ने केमिकल युक्त पानी डालने की शिकायत दी है। इसके आधार पर सात फैक्टरी मालिकों और 20 ट्रैक्टर टैंकर चालकों के खिलाफ अभियोग दर्ज कर लिया है। पुलिस जल्द ही इस मामले में आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी। वेदवाल, प्रभारी, थाना पुलिस सनौली खुर्द