संयुक्त किसान मोर्चा ने डाहर टोल प्लाजा पर प्रधानमंत्री का पुतला फूंका। इसके साथ किसानों की मांगों का न मानने और किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल के आमरण अनशन को अनदेखा करने पर रोष जताया। भारतीय किसान नौजवान यूनियन के जिला प्रधान शमशेर सिंह डिडवाड़ी, प्रदेश प्रवक्ता मनोज जागलान, भारतीय किसान यूनियन के जिला प्रधान सूरजभान रावल की अगुवाई में किसान शुक्रवार को पानीपत-रोहतक नेशनल हाईवे पर डाहर गांव स्थित टोल प्लाजा पर एकजुट हुए। उन्होंने किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाला की आमरण अनशन के दौरान तबीयत लगातार बिगड़ने पर चिंता जताई और केंद्र सरकार की अनदेखी पर रोष जताया। किसानों ने यहां प्रधानमंत्री का पुतला फूंका। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की अनदेखी कर रही है। किसान दिल्ली जाकर सरकार के सामने अपनी बात रखना चाहती है लेकिन उनको दिल्ली नहीं जाने दिया जा रहा है।