नेशनल हाईवे पर छाजपुर गांव के पास रविवार को एक चलती कार में अचानक आग लग गई। कार चालक और साथ अन्य साथी ने कार से कूदकर अपनी जान बचाई। सोनीपत निवासी विजयपाल चालक और उसका एक अन्य साथी संदीप ने समझदारी दिखाते हुए समय रहते कार से छलांग लगा दी और उसकी जान बच गई। प्रत्यक्षदर्शी राजपाल व सुनील ने बताया कि वह कार में हरिद्वार से सोनीपत जा रहे थे। अचानक सड़क पर चलते समय उसमें धुआं उठने लगा। देखते ही देखते आग की लपटों ने कार को चारों तरफ से घेर लिया। कुछ ही सेकेंड में पूरी कार आग के गोले में तब्दील हो गई। इस दौरान चालक विजयपाल ने साहस दिखाते हुए तुरंत कार को रोका और अपने साथी संदीप सहित दोनों कार से बाहर कूद गए। समय रहते दोनों कार से बाहर निकल जाने के कारण उन्हें कोई चोट नहीं आई। वहीं, आग की चपेट में आने से कार पूरी कार जलकर राख हो गई। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने तुरंत सनौली थाना पुलिस और डायल 112 पुलिस टीम व फायर ब्रिगेड को सूचना दी। पानीपत से फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के लिए भरसक प्रयास किया लेकिन तब तक पूरी कार जल चुकी थी। आग इतनी भीषण थी कि कार का केवल ढांचा ही बचा। कार में आग लगने से हाईवे पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारू करवाया। प्रारंभिक जांच में कार में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।