संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर शनिवार सुबह किसानों ने डाहर टोल प्लाजा पर पानीपत-रोहतक नेशनल हाईवे को करीब 10 मिनट तक बंद कर दिया। किसानों ने नए नियमों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके साथ ही आढ़ती एसोसिएशन ने तीन घंटे तक गेहूं की टोल बंद रखकर अपना समर्थन जताया। भारतीय किसान यूनियन के युवा प्रधान बिंटू मलिक ने बताया कि गेहूं खरीद के मौसम में सरकार ने अचानक नए नियम लगा दिए हैं, जिससे किसानों को भारी परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा, “संयुक्त किसान मोर्चा ने सरकार को 10 अप्रैल तक नियम वापस लेने का अल्टीमेटम दिया था, लेकिन सरकार ने कोई ध्यान नहीं दिया। इसलिए हम सड़क पर उतरने को मजबूर हुए।” भाकियू के उप प्रधान अनिल कादियान ने कहा कि किसानों की अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किसान गेहूं बेचने के लिए लंबी लाइनों में खड़े होने को मजबूर हैं, जबकि नई व्यवस्था उनकी मुश्किलें बढ़ा रही है।