पानीपत के नूरवाला की जसबीर कॉलोनी में दो दोस्तों की हत्या के मामले में परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग के लिए शुक्रवार को जिला सचिवालय पर हंगामा काटा। परिजन धरने पर बैठ गए और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। डीएसपी राजबीर ने परिजनों को समझाकर शांत किया। डीएसपी ने मौजिज लोगों को एसपी से मिलवाया। एसपी ने उनको आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का भरोसा दिया। विदित है कि मंगलवार रात को जसबीर कॉलोनी में सूरज और उसके दोस्त नीरज की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने दोनों के शवों के पोस्टमार्टम बुधवार को करा दिए थे। तहसील कैंप थाना पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर 12 लोगों को नामजद किया था। परिजनों का आरोप है कि पुलिस अब तक एक भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह ने मीडिया से रूबरू होकर पूरे मामले पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि पुलिस की चार टीम आरोपियों की धरपकड़ में लगी हैं।