पंचकूला के गवर्नमेंट प्राइमरी स्कूल मदनपुर में 255 बच्चों के लिए दो कमरे और एक बरामदा है। यहां के हालात इस कदर बदतर हैं कि ऊपर हाईटेंशन बिजली की तार गुजरने की वजह से भवन का विस्तार नहीं हो सकता। नीचे व्यवस्थाएं नहीं होने की वजह से बच्चे जमीन पर टाट बिछाकर पढ़ाई करते हैं। इसके अलावा साथ लगते खेड़ा धर्मशाला में भी कक्षाएं लगाई जा रहीं हैं। प्राइमरी स्कूल मदनपुर में पहली से पांचवीं तक कक्षाएं चलती हैं। इसमें बच्चों की संख्या अधिक होने के कारण शिक्षा विभाग ने भवन बनाने के लिए कई बार सर्वे किया।