शहर के रेवाड़ी रोड स्थित महावीर चौक के पास रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब सड़क किनारे खड़ी एक रेहड़ी पर युवक का शव पड़ा मिला। शव का आधा हिस्सा रेहड़ी से नीचे लटका हुआ था, जिसे देखकर राहगीरों में दहशत फैल गई और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही महावीर चौक पुलिस चौकी प्रभारी पंकज कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान कनीना क्षेत्र निवासी राजू के रूप में हुई है। फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके।