नारनौल के ताजपुर मोड़ के पास वीरवार रात गश्त के दौरान पुलिस ने स्मैक सहित एक युवक को काबू किया है। पुलिस ने युवक के खिलाफ एनडीपीएस के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार पुलिस टीम रात को गश्त के दौरान ताजपुर मोड़ के पास मौजूद थी। इसी समय एक गुप्त सूचना मिली कि ताजपुर का रिंकू कुमार अपनी पेंट की जेब में नशीला पदार्थ रख कर बेचने के लिए ताजपुर रोड के नजदीक एमआर स्कूल के पास खड़ा है। सूचना पाकर पुलिस तुरंत एमआर स्कूल की ओर पहुंची तो एक युवक खड़ा दिखाई दिया। पुलिस पार्टी को देखकर युवक तेज तेज चलने लगा। जिसे काबू करके नाम पता पूछा तो उसने अपना नाम रिंकू कुमार बताया। इसके बाद ड्यूटी मजिस्ट्रेट विक्रांत यादव ईटीओ स्टाफ सहित मौके पर पहुंचे। इसके बाद रिंकू की तलाशी ली तो उसकी जेब से एक सिल्वर फॉयल सहित पुड़िया बरामद हुई। जिसे खोलकर चेक किया तो उसके अंदर से ब्राउन रंग का पाउडरनुमा पदार्थ बरामद हुआ। जब रिंकू कुमार से इसके बारे में पूछा तो उसने बताया कि यह स्मैक है। इसके बाद सिल्वर फॉयल सहित इलेक्ट्रॉनिक कांटा पर वजन कराया तो उसका वजन 76 मिलीग्राम था। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।