महेंद्रगढ़ के गांव सेहलंग से बवाना रोड पर नील गाय बचाने के चक्कर में पेड़ से टकराने के बाद गाड़ी में आग लग गई। गाड़ी में सवार चार युवकों ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचाई। हादसे की सूचना डायल 112 पर पुलिस को दी गई। कंट्रोल रूम की सूचना के बाद मौके पर दमकल की गाड़ी भी पहुंच गई लेकिन जब तक कार जलकर राख हो गई थी। गांव बवाना निवासी ललित पुत्र सत्यवीर अपने परिवार के ही तीन युवकों के साथ मंगलवार को अपने किसी कार्य से टाटा नेक्सॉन गाड़ी में सवार होकर गांव सेहलंग गए थे। रात को करीब नौ बजे गांव सेहलंग से बवाना वापस आते समय जब दाेनों गांवों के बीच पहुंचे तो अचानक रोड पर गाड़ी के आगे नील गाय आ गई। नीलगाय को बचाने के चक्कर में गाड़ी अनियंत्रित होकर पेड़े से जा टकराई और लॉक हो गई। पेड़ से टकराने के बाद गाड़ी में आग लग गई। पेड़ से टकराने के कारण गाड़ी के शीशे भी टूट गए थे तथा आग लगने के बाद चालक ललित सहित चारों युवक गाड़ी से कूद गए। गाड़ी में आग लगने की सूचना डायल 112 पर दी गई। कंट्रोल रूम से मिली सूचना के बाद मौके पर दमकल विभाग की गाड़ी भी पहुंच गई थी। हालांकि चारों युवक आसपास खेतों में पड़े मटकों से काफी देर तक आसपास के पानी से आग बुझाने का प्रयास करते रहे लेकिन गाड़ी तब तक जल चुकी थी। हादसे में चालक ललित को काफी चोटें आई जबकि तीन अन्य युवकों को मामूली चोट लगी।