नारनौल। रेवाड़ी रोड स्थित कैलाश नगर में सीवर लीकेज से दूषित पानी सड़क पर जमा हो गया है। इससे स्थानीय निवासियों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि मानसून शुरू होने से पहले से ही मोड़ा वाला मंदिर के पीछे बने रास्ते में दो सीवर में लीकेज की समस्या बनी हुई है। बारिश के दौरान सड़क पर घुटनों तक पानी जमा हो जाता है। इस कारण आसपास का वातावरण दुर्गंधमय बना रहता है और मच्छर जनित बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। लोगों ने जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को इस समस्या से कई बार अवगत कराया है। करीब पंद्रह दिन पहले सीवर की सफाई भी की गई थी। हालांकि, लीकेज की समस्या अभी भी बनी हुई है।