गांव जैलाफ से चिंडालिया को जोड़ने वाला कच्चा व उबड़-खाबड़ रास्ता रबी सीजन में ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। खेतों से फसल की कटाई के समय महिलाओं, मजदूरों व किसानों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ट्रैक्टर-ट्राली व ऊंट-गाड़ी का आवागमन भी जोखिम भरा है। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री खेत-खलिहान योजना के तहत सड़क को पक्का बनाने की मांग उठाई है। सरपंच सुमन व सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बताया कि इस मार्ग से स्कूली बच्चों का आना-जाना भी होता है, जिससे निर्माण बेहद जरूरी है।