नारनौल। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में शुक्रवार को स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव की अगुवाई में तिरंगा यात्रा निकाली गई। तिरंगा यात्रा की शुरुआत अटेली क्षेत्र के बजाड़ के पास से शुरू हुई। प्रारंभिक चरण में यात्रा वाहनों के काफिले के रूप में निकली, जो अटेली विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों और अटेली कस्बे के प्रमुख बाजारों से होते हुए नारनौल पहुंची। नारनौल शहर में यात्रा का कई स्थानों पर नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने स्वागत किया। इसके बाद यात्रा रेवाड़ी रोड, बस स्टैंड, महावीर चौक और महेंद्रगढ़ रोड से गुजरते हुए भाजपा जिला कार्यालय पहुंची। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि तिरंगा यात्रा केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सम्मान प्रकट करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि तिरंगा उन लाखों वीरो के बलिदान का प्रतीक है, जिनके संघर्ष और त्याग से देश को आजादी मिली। भाजपा कार्यालय से इसके बाद पैदल तिरंगा यात्रा निकाली गई, जो महेंद्रगढ़ रोड से होते हुए नसीबपुर स्थित राव तुलाराम शहीदी स्मारक पहुंची। यहां स्वास्थ्य मंत्री ने 1857 की क्रांति के महानायक राव तुलाराम तथा स्वतंत्रता संग्राम में बलिदान देने वाले हजारों अनाम शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। तिरंगा यात्रा में अटेली के अलावा नारनौल, महेंद्रगढ़ और नांगल चौधरी विधानसभा क्षेत्रों से बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आम नागरिक शामिल हुए।