नारनौल में हाड़ कंपा देने वाली ठंड का सितम देखने को मिल रहा है। वीरवार को दिन में 11 बजे तक धूप नहीं निकली जिसकी वजह से आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह से शाम बर्फीली उत्तरी हवाओं से दिन और रात के तापमान सामान्य से नीचे बने हुए हैं। आज नारनौल में 4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि हरियाणा एनसीआर दिल्ली में ठंड का ट्रिपल अटैक देखने को मिल रहा है। सुबह से शाम तक 5-10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही बर्फीली हवाओं से आमजन में कंपकंपी और सिहरन बढ़ गई है जिसकी वजह से आमजन घरों में दुबकने को मजबूर हैं। वहीं, ठंड से बचाव के लिए अलाव और गर्म कपड़ों को सहारा लेते नजर आ रहे हैं। साथ ही कोहरा छाने से दृश्यता घटकर 50 मीटर तक होने से यातायात के साधन रेंगने को मजबूर हैं। उन्होंने बताया कि एक नया कमजोर पश्चिमी विक्षोभ 9 जनवरी को उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर सक्रिय होने से हरियाणा एनसीआर दिल्ली में केवल बादलों की आवाजाही जारी है।