संवाद न्यूज एजेंसी नारनौल। भवन निर्माण कारीगर मजदूर यूनियन हरियाणा ने श्रम मंत्री के नाम एक मांगपत्र सौंपकर निर्माण श्रमिकों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की है। इस दौरान लघु सचिवालय के पास नारेबाजी भी की। यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि सरकार की कई योजनाओं का लाभ मजदूरों तक नहीं पहुंच पा रहा है, जिससे उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यूनियन ने एसडीएम अनिरूद्ध को ज्ञापन सौंपा। यूनियन ने मांगपत्र में कहा कि श्रमिकों का पोर्टल पिछले करीब 10 महीनों से बंद पड़ा है, जिसे जल्द शुरू किया जाए। इसके अलावा 90 दिन की कार्य स्लिप यूनियन प्रधान को देने, मजदूरी मारने वालों के खिलाफ सख्त कानून बनाने, श्रमिकों का नया पंजीकरण शुरू करने तथा सत्यापन के दौरान काटे गए पात्र मजदूरों के पंजीकरण बहाल करने की मांग उठाई गई। मांगपत्र में चार लेबर कोड रद्द करने, श्रमिकों को एनसीआर के तहत 434 रुपये प्रतिदिन की दर से लाभ देने, स्मार्ट मीटर लगाने पर रोक लगाने तथा फैमिली आईडी की शर्त हटाने की भी मांग की गई। यूनियन ने 60 वर्ष की आयु पूरी करने वाले श्रमिकों को वृद्धावस्था पेंशन के साथ श्रम विभाग से अलग पेंशन देने की मांग भी रखी।