हरियाणा रोडवेज द्वारा यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कनीना से चितौड़गढ़ के लिए नई बस सेवा शुरू की गई है। यह बस कनीना से चलकर नारनौल, जयपुर, टोंक, देवली और जहाजपुर होते हुए चितौड़गढ़ पहुंचेगी। बस के नारनौल पहुंचने पर स्थानीय लोगों व रोडवेज कर्मचारियों ने इसका स्वागत किया। रोडवेज महाप्रबंधक देवदत्त ने बताया कि बस प्रतिदिन सुबह सवा 7 बजे कनीना से रवाना होगी और सुबह 8:40 बजे नारनौल पहुंचेगी। इसके बाद बस जयपुर के लिए रवाना होकर दोपहर एक बजे जयपुर पहुंचेगी तथा विभिन्न स्थानों से होते हुए रात सवा 10 बजे चितौड़गढ़ पहुंचेगी। उन्होंने बताया कि चितौड़गढ़ तक यात्रा के लिए कनीना से 590 रुपये तथा नारनौल से 540 रुपये किराया निर्धारित किया गया है। इस बस सेवा के शुरू होने से हरियाणा और राजस्थान के यात्रियों को सीधा आवागमन की सुविधा मिलेगी।