वीर शिरोमणी महाराणा प्रताप जयंती पर वीरवार को राजपूत समाज के युवाओं ने माजरा चुंगी के नजदीक स्थित धर्मशाला से महाराणा प्रताप चौक तक शोभायात्रा निकाली। शोभायात्रा में करीब 200 युवा वाहनों के काफिले के साथ शामिल हुए। सुबह नौ बजे माजरा चुंगी के नजदीक निर्माणाधीन राजपूत धर्मशाला प्रांगण में क्षेत्र के अनेक गांवों से युवा एकत्रित हुए। दस बजे डीजे पर महाराणा प्रताप की शौर्यगाथा के गानों पर झूमते शोभायात्रा में शामिल हुए। राजपूत धर्मशाला से शुरू हुई शोभायात्रा, शहर के माजरा चुंगी, गोशाला रोड, मसानी चौक, बालाजी चौक, आईटीआई रोड, राव तुलाराम चौक से होते हुए महाराणा प्रताप चौक पर पहुंची। युवाओं ने महाराणा प्रताप की मूर्ति पर माल्यार्पण कर नमन किया।