हरियाणा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के निवास परिसर में संदिग्ध लोगों के घुसने के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। सूचना के बाद मामला दर्ज कर विशेष टीमों का गठन किया गया है। डीएसपी भारत भूषण ने बताया कि सीआईए नारनौल और सिटी थाना पुलिस की अलग-अलग टीमें जांच में जुटी हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिनमें कुछ संदिग्ध दिखाई दिए हैं। उनकी पहचान और गतिविधियों की पड़ताल की जा रही है। डीएसपी ने बताया कि शुरुआती जांच में किसी एक्सटॉर्शन गैंग या हमले की पुष्टि नहीं हुई है। घटना में किसी को चोट नहीं पहुंची और न ही फायरिंग हुई। हालांकि हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच जारी है। गौरतलब है कि 16 मई तड़के करीब तीन बजे कुछ अज्ञात लोग निवास परिसर में घुस आए थे। आरोप है कि उन्होंने सीसीटीवी की वायर काट दी। आहट होने पर वे मौके से फरार हो गए।