राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बेरी परिसर संसदीय कार्यवाही से गूंज उठा, जब छात्रों ने युवा संसद का मंच संभाला। सत्ता पक्ष ने योजनाओं की पैरवी की, वहीं विपक्ष ने सवालों की झड़ी लगाकर माहौल जीवंत बना दिया। पर्यवेक्षक डॉ. संजय शर्मा एवं डॉ. नरेश कुमार ने बताया कि जिला स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता में वीरवार को महेंद्रगढ़ खंड के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बेरी की टीम ने अपनी प्रस्तुति दी। कार्यक्रम का शुभारंभ डाइट प्रवक्ता डॉ. राकेश यादव एवं प्राचार्य आनंद पाल ने करते हुए युवा संसद प्रतियोगिता कार्यक्रम को विद्यार्थियों के लिए लोकतांत्रिक प्रशिक्षण की एक अनोखी पाठशाला बताया। कार्यक्रम का संयोजन राजनीति विज्ञान की प्रवक्ता डॉ. प्रियंका यादव ने किया। पर्यवेक्षक डॉ. किरण यादव एवं डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि विद्यालय में आयोजित युवा संसद ने छात्रों को राजनीति की व्यावहारिक झलक दिखाई। छात्रों ने जोश, अनुशासन और तर्क के साथ संसदीय कार्यप्रणाली का अभ्यास किया। पर्यवेक्षक डॉ. संजय शर्मा ने कहा कि युवाओं को सार्वजनिक मुद्दों पर सोचने और उन पर अपनी राय बनाने का अवसर मिलता है, जिससे उनकी आलोचनात्मक सोच विकसित होती है। इस अवसर पर प्रवक्ता मनीषा, शैलजा, सुनील, शकुंतला, ग्राम सरपंच और अन्य गणमान्य लोग तथा स्टाफ सदस्य मौजूद रहे l