करीब डेढ़ साल लंबे इंतजार के बाद गत अप्रैल माह में हैप्पी कार्ड डिपो पहुंचने शुरू हुए, लेकिन इसके बावजूद कार्ड वितरण की प्रक्रिया अब भी धीमी बनी हुई है। हालात यह हैं कि एक परिवार को हैप्पी कार्ड लेने के लिए दो से तीन बार डिपो के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। जानकारी के अनुसार हैप्पी कार्ड का वितरण ओटीपी व्यवस्था के तहत किया जा रहा है। आवेदक के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर ओटीपी संदेश आने के बाद ही संबंधित व्यक्ति डिपो कार्यालय पहुंचकर अपना कार्ड प्राप्त कर सकता है। लेकिन एक ही परिवार के कई सदस्यों ने आवेदन किया होने के बावजूद ओटीपी केवल एक सदस्य के मोबाइल पर पहुंच रहा है। ऐसे में परिवार को अलग-अलग दिनों में कई बार डिपो पहुंचना पड़ रहा है। वहीं, हैप्पी कार्ड के लिए आवेदन किए काफी समय बीत जाने के कारण कई आवेदकों के मोबाइल नंबर भी बदल चुके हैं या बंद हो गए हैं। इससे अनेक लोगों तक ओटीपी संदेश नहीं पहुंच पा रहे। ऐसे आवेदकों को कार्ड लेने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि विभाग को वितरण प्रक्रिया सरल बनानी चाहिए, ताकि आमजन को बार-बार डिपो के चक्कर न काटने पड़ें।