संवाद न्यूज एजेंसी नरवाना। गांव डूमरखा कलां के अंबेडकर चौक मोहल्ला के निवासियों ने जन स्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता को ज्ञापन सौंपकर अवैध पानी की पाइपलाइन हटाने की मांग की है। शिकायतकर्ताओं में राजेश, पूजा, कमला का आरोप है कि गांव में स्थित पानी के बूस्टर नंबर-2 के पास अवैध रूप से डाली गई पाइपलाइन के कारण मोहल्ले में पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो रही है। ज्ञापन में बताया गया कि शिव मंदिर के पास स्थित बूस्टर से एस.सी. मोहल्ले के समीप अंबेडकर चौक तक पानी की समस्या के समाधान के लिए करीब दो-तीन वर्ष पहले पाइपलाइन बिछाई गई थी। उस समय बूस्टर की क्षमता केवल 40 मिनट तक पानी की आपूर्ति करने की थी, जिससे व्यवस्था सुचारू रूप से चल रही थी। कुछ समय बाद गांव के सरपंच द्वारा अपने कार्यालय वाली गली से बूस्टर तक नई पाइपलाइन जोड़ दी गई। इससे बूस्टर पर अतिरिक्त दबाव बढ़ गया और सरपंच मोहल्ले में फिर से पेयजल संकट उत्पन्न हो गया। लोगों का कहना है कि पहले जैसी स्थिति दोबारा बन गई है और नियमित जलापूर्ति नहीं हो पा रही। ग्रामीणों ने विभाग से मांग की है कि बूस्टर से जोड़ी गई अवैध पाइपलाइन को हटाया जाए, ताकि सरपंच मोहल्ले के लोगों को निर्बाध पेयजल आपूर्ति मिल सके।