नारनौल। राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में वीरवार को जिला स्तरीय सांस्कृतिक महोत्सव का आयोजन किया गया। इसमें जिले के नौवीं से बारहवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। छात्रों ने समूह नृत्य, एकल नृत्य, रागिनी और स्किट जैसी चार विधाओं में हिस्सा लिया। खंड शिक्षा अधिकारी पवन भारद्वाज मुख्य अतिथि रहे, जबकि विद्यालय की प्राचार्या प्रोमिला यादव ने अध्यक्षता की। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने हरियाणवी लोक संस्कृति और भारतीय सांस्कृतिक विरासत की झलक प्रस्तुत की। पवन भारद्वाज ने कहा कि सांस्कृतिक गतिविधियां विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता और नेतृत्व क्षमता विकसित करती हैं। प्रोमिला यादव ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर देते हैं। समूह नृत्य में राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, नारनौल प्रथम रहा। पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, नारनौल ने द्वितीय और पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, नांगल चौधरी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। एकल नृत्य में पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, नारनौल प्रथम और राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, नारनौल द्वितीय रहा। स्किट में राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, अटेली प्रथम तथा राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, नारनौल द्वितीय स्थान पर रहा। रागिनी में पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, नारनौल प्रथम और पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, नांगल चौधरी द्वितीय स्थान पर रहा।