नगर पालिका कर्मचारी संघ इकाई नारनौल अपनी मांगों को लेकर गुरुवार को 36वें दिन भी हड़ताल पर रही। इस दौरान अग्निशमन विभाग इकाई नारनौल के कर्मचारी भी हड़ताल में शामिल रहे। हड़ताल की अध्यक्षता इकाई प्रधान भूपेंद्र सारवन ने की। इसका संचालन महावीर प्रसाद ने किया। भूपेंद्र सारवन ने बताया कि हड़ताल को 36वां दिन हो गया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने और अन्य मांगों का समाधान नहीं कर रही है। उन्होंने सरकार पर अड़ियल रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि सरकार कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रही है। सरवन ने कहा कि सरकार सफाई कर्मचारी और अग्निशमन विभाग की मांगों का जल्द निवारण करे। कर्मचारियों ने 13 मई 2026 के समझौते को तुरंत लागू करने की भी मांग की। नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर 11 सितंबर को नारनौल में महापंचायत का आयोजन किया जाएगा। यह महापंचायत नगर परिषद नारनौल के प्रांगण में होगी। इसमें आगे की रणनीति पर विचार किया जाएगा। इसमें महेंद्रगढ़ जिले के सभी यूनियन और संगठन समर्थन देने के लिए पहुंचेंगे। इस दौरान नगर पालिका कर्मचारी संघ के राज्य कैशियर महेंद्र सांगेलिया, सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान कौशल यादव, सीटू के जिला महासचिव रोहतास कुमार सहित कई अन्य पदाधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।