भाई रामसिंह की कोठी से स्टेट हाइवे 148-बी तक एक किलोमीटर सड़क के निर्माण पर नगरपालिका 49 लाख रुपये खर्च करेगी। नपा की ओर से इसके निर्माण के लिए दस अक्तूबर तक की समय-सीमा तय की गई। इस सड़क का निर्माण पूरा होने से शहर के चार वार्डों के साथ-साथ शहर पर यातायात का भार भी 50 प्रतिशत कम हो जाएगा। शनिवा को महेंद्रगढ़ विधायक कवंर सिंह यादव ने नारियल तोड़कर इस मार्ग का शुभारंभ किया। नगर पालिका की ओर से इसके लिए 49 लाख रुपये का बजट तय किया है। विधायक कवंर सिंह ने अधिकारियों के आदेश दिए कि इस मार्ग का निर्माण दीपावली से पूर्व कराएं जिससे लोगों को राहत मिल सके। मार्ग के दोनों ओर किए गए अवैध निर्माण को हटाकर चौड़ा मार्ग बनाया जाएगा। शहर के वार्ड दस, 11, 12 व 13 की आबादी के साथ-साथ आधे शहर का सीधे स्टेट हाईवे से जुड़ाव होने से शहर पर यातायात का दबाव भी काफी हद तक कम हो जाएगा। बता दें कि यह मार्ग करीब 8 वर्ष पहले यह इंटरलॉकिंग टाइलों से बनाया गया था। अब इस मार्ग पर जगह-जगह पर गड्ढे बने हुए है। इस एक किलोमीटर मार्ग पर अनेक मोहल्ले पड़ते है। शहर को जोड़ने के लिए मोहल्ला सराय रोड, मोहल्ला सुनारों का, मोहल्ला धानकान, सराय खटीकान होते हुए 148 बी स्टेट हाईवे को जोड़ने वाला यह सुगम मार्ग है। इसका निर्माण पूरा होने के बाद शहर पर यातायात का भार भी कम हो जाएगा। अब नपा की ओर से अतिक्रमण हटाने के साथ-साथ इसकी चौड़ाई को भी बढ़ाया जाएगा। इस मार्ग पर राजकीय महाविद्याल, महिला कॉलेज, लघुसचिवालय, न्यायिक परिसर सहित मिस्त्री व अन्य मार्केट स्थित है। इसके बनने से शहर व गांवों से जाने वाले लोगाें को लघु सचिवालय, तहसील में लोगों व कॉलेजों में विद्यार्थियों का आवागमन सुगम हो जाएगा। मोहल्ला सराय के रास्ते शहर को जोड़ने वाले मार्ग का नपा उखाड़ कर नया मार्ग बनाएगी। इस मार्ग को पहले की तरह इंटरलॉकिंग टाइलों से ही बनाया जाएगा। नगरपालिका के सूत्रों के अनुसार इस मार्ग को भी रोड पर दूर तक किए गए अतिक्रमण को हटाकर बनाया जाएगा।