फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लंबित मांगों का समाधान नहीं होने से कनिष्ठ अभियंताओं में रोष, आंदोलन की चेतावनी

संवाद न्यूज एजेंसी नारनौल। सिंघाना रोड स्थित सर्कल कार्यालय में डिप्लोमा इंजीनियर एसोसिएशन के सदस्यों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया और अधीक्षक अभियंता को ज्ञापन सौंपा। एसोसिएशन ने चेतावनी दी कि यदि जल्द मांगों का समाधान नहीं हुआ तो संगठन आंदोलन करेगा। सर्कल प्रधान सत्यपाल ने बताया कि एसोसिएशन ने लंबित मांगों के समाधान के लिए 10 फरवरी को भी ज्ञापन सौंपा था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो संगठन को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि कनिष्ठ अभियंताओं के लंबित शॉर्टेज नोटिस दो चरणों में माफ किए जाने थे। पहले चरण में 50 प्रतिशत नोटिस माफ कर दिए गए, लेकिन शेष 50 प्रतिशत माफी की प्रक्रिया पिछले चार माह से चीफ इंजीनियर कार्यालय में लंबित है। सत्यपाल ने कहा कि जले हुए ट्रांसफार्मर जमा कराने के मामले में भी नियमों का पालन नहीं किया जा रहा। नियमानुसार सात दिन की अवधि पूरी होने के बाद नोटिस जारी होना चाहिए, लेकिन इससे पहले ही नोटिस दिए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि महेंद्रगढ़ डिवीजन के कार्यकारी अभियंता ने इस मांग को स्वीकार कर लिया है, जबकि नारनौल डिवीजन में अभी तक नियमों की पालना नहीं हो रही। उन्होंने यह भी कहा कि केबल, नट-बोल्ट और अन्य आवश्यक सामग्री समय पर उपलब्ध नहीं होने से नए बिजली कनेक्शन समय पर जारी नहीं हो पाते, जिसका खामियाजा कनिष्ठ अभियंताओं को जुर्माने के रूप में भुगतना पड़ता है। इसलिए आवश्यक सामग्री समय पर उपलब्ध कराई जाए ताकि कार्य समय पर पूरा हो सके। एसोसिएशन ने वेतन पर्चियों, एसीपी मामलों तथा अनुशासनात्मक प्रकरणों का भी शीघ्र निपटारा करने की मांग की। इस दौरान विजय कुमार, गजराज यादव, जितेंद्र यादव, नरेंद्र कुमार, वेदप्रकाश, दलीप सिंह, संजय कुमार, दीपांशु, कुलदीप, नवीन कुमार, अंकित, ओम सिंह, कैलाश चंद, अमित कुमार सहित बड़ी संख्या में कनिष्ठ अभियंता मौजूद रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें