नारनौल में जननायक जनता पार्टी (जजपा) के किसान सेल ने जिला प्रधान राजकुमार खातोद के नेतृत्व में किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद किसानों ने हरियाणा के मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा, जिसे डीसी की अनुपस्थिति में नायब तहसीलदार को दिया गया। किसानों ने बेमौसमी बरसात से खराब हुई फसलों के लिए मुआवजे की मांग को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि फसल की राशि को परिवार पहचान पत्र (PPP) में न जोड़ा जाए और बारिश से खराब फसल को भी सरकारी खरीद में शामिल किया जाए। इसके अलावा मंडियों में गेट पास की समस्या को जल्द हल करने की मांग की गई। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने बायोमैट्रिक सिस्टम बंद करने, मंडियों में फसल रखने के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध कराने और खाली टीन शेड किसानों को देने की मांग रखी। साथ ही पीने के पानी, भोजन और छाया की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। किसानों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की। जिला प्रवक्ता विजय छिलरों ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। किसान सेल के जिला प्रधान माडू राम और प्रभारी कृष्ण यादव ने सरकार से 50 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा देने की मांग की। इस अवसर पर सूबेदार महेन्द्र बडेशरा, कैलाश पालड़ी, हरचंद तोबड़ा, अशोक सैनी, रामकुमार मक्शुसपुरीया, बेदू राता, प्रमोद ताखर, दिनेश राजपूत, संदीप भाखर, अजय अधिवक्ता, वीरेंद्र घाटाशेर ,महेंद्र शारदा खन्ना,राजेंद्र यादव सरपंच, केशव वर्मा, सचिन पार्षद, लीला राम पूर्व सरपंच कालबा सहित अनेक किसान ओर कार्यकर्ता उपस्थित थे।