श्री कृष्ण गोशाला कनीना में वीरवार को सम्मान समारोह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कनीना निवासी नीलम देवी ने अपने पौत्र के जन्मदिन के उपलक्ष्य में 50 गायें गोद लेकर 2 लाख 51 हजार रुपये की राशि गोशाला में भेंट की। गोशाला प्रधान भगत सिंह यादव ने बताया कि नीलम देवी पहले भी गोसेवा में सराहनीय योगदान दे चुकी हैं। इससे पूर्व उन्होंने 22 क्विंटल बाजरा, 225 किलो गेहूं, पांच खल की बोरियां तथा 50 गायें गोद लेकर 2.50 लाख रुपये का आर्थिक सहयोग किया था। उनके निरंतर सहयोग से गोशाला में गायों की देखभाल और व्यवस्था मजबूत बनी हुई है। कार्यकारिणी की ओर से नीलम देवी को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बाबू दिलावर सिंह, कृष्ण मास्टर सचिव, नरेंद्र फौजी पार्षद प्रतिनिधि, मुकेश नंबरदार पार्षद प्रतिनिधि, शिव कुमार, कर्ण सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।