निजामपुर थाना पुलिस ने गांव मुसनौता में पुष्कर नामक व्यक्ति की हत्या के मामले में तीन ओर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी मृतक के परिवार पर हमला करने की फिराक में थे। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए अबतक कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। डीएसपी भारत भूषण ने बताया कि 6 मार्च की रात को सादा की ढाणी निवासी पुष्कर पर मुसनौता बस स्टैंड के पास बदमाशों ने कैंपर गाड़ियों से टक्कर मारकर हमला किया था। आरोपियों ने लोहे की रॉड और डंडों से हमला कर पुष्कर की हत्या कर दी थी। मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर मुसनौता-नांगल दर्गु मार्ग पर घेराबंदी कर एक बिना नंबर की स्कॉर्पियो को काबू किया। इस दौरान पुलिस ने दो आरोपी महेश निवासी मुसनौता और ज्ञानी राम निवासी मेहाड़ा गुजरवास झुंझुनू को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से दो देसी पिस्तौल और 43 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस द्वारा आरोपियों से सख्ती से पूछताछ की जा रही है। इससे पूर्व, पुलिस ने इस हत्या में शामिल प्रवीण कुमार निवासी ढाणी भोजावाली को भूणा का जाल क्षेत्र से गिरफ्तार किया था। प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ था कि आपसी कहासुनी और पुरानी रंजिश के कारण इस वारदात को अंजाम दिया गया था।