मुख्यमंत्री उड़न दस्ता रेवाड़ी ने नांगल चौधरी क्षेत्र में संचालित एक अवैध अस्पताल पर छापेमारी की। टीम करीब एक बजे हॉस्पिटल में पहुंच गई थी, जो करीब साढ़े पांच बजे तक जांच में जुटी रही। छापेमारी के दौरान अस्पताल में मौजूद दवाइयों व चिकित्सा उपकरणों को जब्त कर सील कर दिया गया है। टीम को मौके पर ऐसे साक्ष्य मिले जिनसे स्पष्ट हुआ कि अस्पताल बिना किसी वैध अनुमति व डॉक्टर की मान्यता प्राप्त डिग्री के चलाया जा रहा था। मिली जानकारी के अनुसार वीरवार को मुख्यमंत्री उड़न दस्ता रेवाड़ी, स्वास्थ्य विभाग नारनौल, आयुर्वेदिक विभाग नारनौल की संयुक्त टीम ने नांगल चौधरी में राम हॉस्पिटल पर छापेमारी की। इस संयुक्त टीम में राजेंद्र कुमार जिला बाल कल्याण अधिकारी ड्यूटी मजिस्ट्रेट रहे। इसके अलावा डॉक्टर योगेश कुमार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिरोही बहाली, डॉक्टर ललित मोहन, प्रशांत कुमार ड्रग इंस्पेक्टर शामिल रहे। इसके अलावा मुख्यमंत्री उड़न दस्ता की तरफ से निरीक्षक सत्येंद्र कुमार, उप निरीक्षक सुरेंद्र कुमार और उनकी टीम मौजूद रही। छापेमारी के दौरान गांव ढाणी बनिया वाली निवासी राम हॉस्पिटल के संचालक निहाल सिंह मौके पर मिला। टीम ने जब उनसे हॉस्पिटल का लाइसेंस, डिप्लोमा डिग्री मांगे तो वह नहीं दिखा सके। अस्पताल में लगभग 15 बेड लगे हुए थे। जिन पर 6 मरीज अपना इलाज करवा रहे थे। चिकित्सा उपकरणों में स्टेथोस्कोप व अन्य मशीन के अलावा कई उपकरण मौके पर मिले। जिनको पुलिस ने कब्जे में ले लिया। स्थानीय पुलिस हॉस्पिटल संचालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रही है।