गांव रामबास में हुई फायरिंग, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पांच आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान रामबास निवासी रविंद्र, सुरानी निवासी सचिन, सराय बहादुर निवासी पवन, सराय बहादुर निवासी गुलाब (हाल आबाद लक्ष्मी नगर रेवाड़ी) और सराय बहादुर निवासी दीपक के रूप में हुई है। आरोपियों को सोमवार को न्यायालय में पेश किया गया। गांव रामबास निवासी विरेंद्र सिंह ने पुलिस को शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता के अनुसार, जब वह सुरेंद्र की मील के पास बैठा था, तो उसने तीन गाड़ियों में 15-20 लड़कों को देखा। कुछ देर बाद जब वह अपने घर पहुंचा, तो वहां दो गाड़ियां खड़ी थी और 10 लड़के उसके घर वालों के साथ गाली-गलौज कर रहे थे। शिकायतकर्ता के पहुंचते ही आरोपियों ने उसे पकड़ लिया और गले पर पिस्तौल रखकर धमकी दी कि अगर वह खेत में घुसा तो उसे जान से मार देंगे। जब वहां शोर सुनकर सड़क पर लोग इकट्ठा हुए तो आरोपियों ने दहशत फैलाने के लिए फायर कर दिए और शिकायतकर्ता के ऊपर गाड़ी चढ़ाकर जान से मारने की कोशिश भी की। सूचना मिलते ही थाना सदर नारनौल पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और मौके से खोल बरामद कर जब्त कर लिए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्परता से छापेमारी की और पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा मामले में गहनता से पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।