डीएपी खाद को लेकर किसानों की परेशानी थमने का नाम ही नहीं ले रही है। दिनभर लाइनों में लगने के बावजूद किसान खाली हाथ लौटने को मजबूर हैं। शुक्रवार को रेलवे रोड स्थित सरकारी खाद बिक्री केंद्र पर पुलिस एवं कृषि अधिकारियों के पहरे में 800 बैगों का वितरण किया गया। किसान दिनभर लाइनों में लगने को लेकर आपस में उलझते रहे। पुलिस कर्मचारियों को किसानों की लाइनें बनवाने के लिए कड़ी मशक्त करनी पड़ी। किसान सुबह पांच बजे ही केंद्र पहुंचकर लाइनों में लग गए। कृषि विभाग की ओर से सितंबर अक्तूबर माह के लिए 4 हजार मीट्रिक टन खाद की मांग प्रदेश सरकार को भेजी गई थी। लेकिन इस मांग का आधा खाद ही किसानों को उपलब्ध हो पाया है। वहीं पिछले पांच सालों से लाइनों में धक्के खाने के बाद किसानों को भी समय पर खाद नहीं मिलने का भय सता रहा है जिसके कारण किसान भी एक माह पूर्व ही खाद का जुगाड़ करने में जुट गए हैं।