राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कोरियावास की छात्राओं ने गत दिवस चंडीगढ़ में आयोजित राज्य स्तरीय केबीसी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय, गांव और जिले का नाम रोशन किया। इस प्रतियोगिता में शानदार सफलता प्राप्त करने पर शिक्षा मंत्री हरियाणा महिपाल ढांडा ने छात्राओं को 1,00,000 का पुरस्कार प्रदान किया। प्रतियोगिता में विजयी होकर गांव कोरियावास पहुंचने पर वीरवार को ग्राम पंचायत कोरियावास, क्षेत्रवासियों एवं विद्यालय स्टाफ द्वारा छात्राओं का भव्य स्वागत किया गया। बैंड-बाजे के साथ खुली जीप में छात्राओं साक्षी, अनुष्का, सारिका, दीपिका एवं निकिता को फूल मालाएं पहनाकर विद्यालय तक लाया गया। विद्यालय परिसर में ग्राम पंचायत कोरियावास के तत्वावधान में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय द्वारा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में ग्राम पंचायत कोरियावास की ओर से विजेता छात्राओं को स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए तथा 11,000 रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया। रिटायर्ड कर्मचारी संघ के प्रदेश महासचिव धर्मपाल शर्मा ने भी 2500 तथा प्रवक्ता डॉ. सुरेंद्र कुमार ने 1000 का नकद पुरस्कार छात्राओं को दिया। वहीं, कोसली से पधारे प्रवक्ता दिनेश कुमार शर्मा ने प्रत्येक छात्रा को 500-500 रुपये नकद पुरस्कार प्रदान किया।इसके अलावा एसएमसी प्रधान संतोष यादव ने भी 500 का नगद पुरस्कार प्रदान कर छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।