नारनौल बस स्टैंड परिसर में निजी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने के लिए महाप्रबंधक के निर्देश भी कागजों तक सिमट कर रह गए हैं। निजी वाहन धड़ल्ले से बस स्टैंड परिसर में प्रवेश कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार बस स्टैंड परिसर में दो प्रवेश द्वार बने हुए हैं। एक प्रवेश द्वार से पैदल यात्री और पार्किंग के लिए दुपहिया वाहन प्रवेश करते हैं। वहीं दूसरे प्रवेश द्वार से बस का संचालन किया जाता है। लेकिन परिजनों को बस में बैठाने व ले जाने के लिए निजी वाहन भी बस स्टैंड में प्रवेश कर जाते हैं। जिससे बसों के संचालन में भी बाधा आती है और हादसों का खतरा भी बना रहता है।