शहर के महिला थाने में सोमवार को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से दोस्त पुलिस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को जागरूक करना और महिला पुलिस के साथ विश्वास व संवाद स्थापित करना रहा, ताकि वे किसी भी परिस्थिति में थाने पहुंचकर बेझिझक अपनी समस्या सांझा कर सकें। इस अवसर पर महिला आईटीआई की 30 छात्राएं महिला थाने पहुंची और थाने की कार्यप्रणाली से अवगत हुई। थाना प्रभारी मंजूषा और पीएसआई मनीषा ने छात्राओं को थाने में संचालित विभिन्न कक्षों, उनकी भूमिका और शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। महिला थाना प्रभारी मंजूषा ने सुरक्षा से जुड़े प्रावधानों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महिलाओं की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने छात्राओं को हेल्पलाइन नंबर 112 का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया और बताया कि किसी भी आपात स्थिति में कॉल करने पर पुलिस 10 मिनट के भीतर मौके पर पहुंच जाती है। साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले अपराधों, ऑनलाइन ठगी और अनजान लोगों से संपर्क न रखने जैसी सावधानियों के बारे में जागरूक किया।