मानसून के सीजन में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए उपायुक्त डॉ. विवेक भारती ने शुक्रवार को नारनौल शहर का व्यापक दौरा किया। उन्होंने मुख्य रूप से छलक नाले सहित शहर के विभिन्न हिस्सों में सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। इस निरीक्षण के दौरान डॉ. भारती ने कहा कि हरियाणा सरकार के स्पष्ट निर्देश हैं कि जिले के शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में सभी नालियों की सफाई व्यवस्था दुरुस्त होनी चाहिए। उपायुक्त ने निजामपुर रोड से अपनी निरीक्षण यात्रा शुरू की और छलक नाले के विभिन्न स्थानों पर सफाई कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने विशेष रूप से छोटा-बड़ा तालाब के पास नाले की सफाई के बाद पड़े कचरे को तुरंत हटाने के निर्देश दिए। डॉ. भारती ने छलक नाले के ऊपर बने पुल बाजार का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां के दुकानदारों से बातचीत की और पुल के निर्माण का रास्ता निकालने के लिए आवश्यक कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की असुविधा न हो। उपायुक्त ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि कोई नागरिक नालों या नालियों में कूड़ा-कर्कट या पॉलीथिन डालता पाया जाता है तो उसे नोटिस जारी कर सख्त कार्रवाई की जाए। इस अवसर पर नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी दीपक गोयल और एक्सईएन मोनिका शर्मा सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।