15 अगस्त को सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह करेंगे ध्वजारोहण नारनौल। आगामी 15 अगस्त को स्थानीय आईटीआई मैदान में मनाए जाने वाले जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में महेंद्रगढ़-भिवानी के सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह मुख्य अतिथि के तौर पर ध्वजारोहण करेंगे। इस जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह के भव्य और गरिमामय आयोजन में किसी भी प्रकार की कोई चूक न रहे इसके लिए 13 अगस्त को अंतिम पूर्वाभ्यास किया जाएगा। इस दौरान उपायुक्त अनुपमा अंजली ठीक 9 बजे ध्वजारोहण करेंगी तथा परेड का निरीक्षण कर मार्च पास्ट की सलामी लेंगी। पूर्वाभ्यास के दौरान विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी देशभक्ति से ओतप्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम, सामूहिक पीटी प्रदर्शन, डंबल तथा लेजियम का शानदार प्रदर्शन करेंगे। जिला प्रशासन ने इस राष्ट्रीय पर्व को हर्षोल्लास और गरिमामय तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। कार्यक्रम को सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित करने के उद्देश्य से विभिन्न अधिकारियों की जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं। हरियाणा सरकार द्वारा जारी 15 अगस्त 2026 के स्वतंत्रता दिवस समारोह की आधिकारिक सूची के अनुसार जिले के विभिन्न उपमंडलों में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित होंगे। उपमंडल स्तर पर महेंद्रगढ़ में नारनौल विधायक ओम प्रकाश यादव, कनीना में महेंद्रगढ़ विधायक कंवर सिंह तथा नांगल चौधरी में रेवाड़ी विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ध्वजारोहण करेंगे।