जिला बाल कल्याण परिषद नारनौल द्वारा बच्चों के शारीरिक, मानसिक और रचनात्मक विकास के उद्देश्य से आयोजित ग्रीष्मकालीन शिविर-2026 का शुभारंभ उपायुक्त एवं जिला बाल कल्याण परिषद की अध्यक्षा अनुपमा अंजली ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। शिविर में बच्चे ड्राइंग, डांस और तीरंदाजी सीख सकेंगे। जिला बाल कल्याण अधिकारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि शिविर 1 जून से 31 जुलाई तक संचालित होगा। इसमें ड्राइंग, नृत्य, तीरंदाजी तथा ताईक्वांडो/आत्मरक्षा प्रशिक्षण की कक्षाएं आयोजित की जाएंगी। उन्होंने अधिक से अधिक बच्चों से शिविर में भाग लेने की अपील की। कार्यक्रम में पूर्व जिला बाल कल्याण अधिकारी विपिन कुमार शर्मा ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि अवकाश शिविर उनके व्यक्तित्व विकास और प्रतिभा निखारने का बेहतर माध्यम हैं। उन्होंने परिषद की गतिविधियों की सराहना करते हुए सहयोग का भरोसा दिया। मुख्य अतिथि अनुपमा अंजली ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ अच्छा इंसान बनना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि किसी भी बच्चे को अपनी कमजोरियों से निराश नहीं होना चाहिए, क्योंकि मेहनत और लगन से वह जीवन में बड़ी सफलता हासिल कर सकता है। उन्होंने बच्चों से शिविर का भरपूर लाभ उठाने और अपनी रुचि के अनुसार गतिविधियों में भाग लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम में जिला लोक संपर्क अधिकारी संजय बिजलान सहित अन्य अधिकारी, प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में बच्चे मौजूद रहे।