राजकीय महाविद्यालय नारनौल में सड़क सुरक्षा-नशा मुक्ति पर विशेष व्याख्यान, जागरूकता रैली के साथ शपथ भी दिलाई गई। यूथ रेडक्रॉस नोडल अधिकारी डॉ. चंद्र मोहन ने बताया कि सड़क सुरक्षा और नशामुक्ति जागरूकता व्याख्यान और जागरूकता रैली निकालने का उद्देश्य विद्यार्थियों और आमजन लोगों को सड़क सुरक्षा के नियमों के बारे में जागरूक करना व नशा मुक्ति के महत्व के बारे में शिक्षित करना है। कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. जगजीत सिंह मोर ने कहा कि छात्रों के लिए सड़क सुरक्षा और नशामुक्ति अभियान के महत्व को समझना और उसके नियमों का पालन करना अत्यंत आवश्यक है। प्रतिवर्ष सड़कों पर होने वाली दुर्घटनाओं में लाखों लोग अपनी जान गंवाते हैं या गंभीर रूप से घायल होते हैं। सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करके न केवल हम अपनी जान की रक्षा कर सकते हैं, बल्कि दूसरों की सुरक्षा भी सुनिश्चित कर सकते है। उन्होंने कहा कि नशा और सड़क दुर्घटना दोनों एक दूसरे के पूरक हैं।