मोहल्ला जवाहर नगर स्थित एक निजी संस्थान में भागवत धर्म सेवा परिवार के तत्वावधान में सोमवार से सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ हुआ। कथा से पूर्व शहर की 501 महिलाओं ने तुलसी कलश यात्रा निकाली। सुबह सवा आठ बजे मोहल्ला के एक निजी संस्थान कथा स्थल से यात्रा शुरू हुई। यात्रा ढाल बाजार, परशुराम चौक, मसानी चौक, मोहल्ला नीमड़ी नीचे, पड़ाव मोहल्ला होते हुए कथा स्थल पर पहुंची। शहर में पहली बार सवा लाख पार्थिव शिवलिंग निर्माण महा रुद्राभिषेक, श्रीमद्भागवत महापुराण कथा महोत्सव एवं सिद्ध रूद्राक्ष वितरण कार्यक्रम का किया जा रहा है। कथा व्यास आचार्य गौरव दीक्षित महाराज के सान्निध्य में शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए तुलसी कलश यात्रा कथा स्थल पर पहुंची। सात दिन कथा के दौरान तुलसी माता का पूजन भागवत के साथ कराया जाएगा। उसके उपरांत कथा विश्राम पर श्रद्धालुओं को तुलसी भेंट की जाएंगी। कथा प्रबंधक व नगरपालिका प्रधान रमेश सैनी, मुकेश मेहता ने बताया कि तुलसी यात्रा में शामिल सभी महिलाओं एवं भक्तों को आचार्य गौरव दीक्षित द्वारा आशीर्वाद स्वरूप एक मुखी से लेकर 14 मुखी तक विशेष पूजा पद्धति के द्वारा सिद्ध किए हुए रुद्राक्ष प्रसाद स्वरूप भेंट किए जाएंगे। सवा लाख शिवलिंग निर्माण रुद्राभिषेक कार्यक्रम प्रतिदिन सुबह आठ से 11 बजे तक होगा। श्रीमद्भागवत कथा प्रतिदिन शाम तीन बजे से छह बजे तक चलेगी।