धर्मनगरी में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व 11 मई बेहद खास अंदाज में मनाया जाएगा। जहां प्राचीन संगमेश्वर महादेव मंदिर में प्रदेश स्तरीय भव्य कार्यक्रम होगा वहीं इसमें कुरुक्षेत्र की 48 कोस के सभी तीर्थों स्थलों के प्रमुख संत महात्मा इस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इसके साथ ही 101 महिलाएं क्लश के साथ यात्रा निकालेंगी जबकि आधा दर्जन से ज्यादा अन्य प्रमुख देवालयों में भी कार्यक्रम होंगे, जिनमें सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं की भी अहम भागीदारी होगी। प्रदेश सतरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सैनी मुख्यातिथि होंगे जबकि प्रधानमंत्री के श्री सोमनाथ मंदिर प्रभास पाटन, वेरावल गुजरात के कार्यक्रम को भी लाइव दिखाया जाएगा। पर्व की तैयारियों पर मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, सूचना जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक केएम पांडुरंग ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कुछ आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व-1000 वर्ष की अखंड आस्था के अंतर्गत श्री सोमनाथ स्वाभिमान पर्व पर की तैयारी शुरू कर दी गई है। उपायुक्त ने कहा कि सोमनाथ मंदिर भारत की अजेय सभ्यता का प्रतीक है। विनाशकारी प्रहारों के बाद भी सोमनाथ मंदिर आज हमारे आत्म-सम्मान और साहस की मिसाल बनकर खड़ा है। आधुनिक सोमनाथ मंदिर का मार्ग 75 वर्ष पहले प्रशस्त हुआ। पुनर्निर्मित सोमनाथ मंदिर के लोकार्पण की 11 मई को 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में प्रधानमंत्री स्वयं सोमनाथ मंदिर पहुंचेंगे। इस दिन देशभर में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व भव्य रूप से मनाया जाएगा। इस दौरान कलश यात्रा, आध्यात्मिक आयोजन, भारत की विरासत परंपरा पर कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर कलश यात्रा का आयोजन होगा, जिसका समापन शिव मंदिर में जलाभिषेक से होगा।