रोड़ महासभा की चौधर अंतरराष्ट्रीय वॉलीबॉल खिलाड़ी बलकार सिंह के सिर सजी है। वे 107 वोट लेकर विजयी हुए जबकि उनके प्रतिद्वंदी मास्टर रामकुमार को 77 वोटें मिली। प्रधान पद के लिए नौ उम्मीदवार मैदान में उतरे थे, जिनमें सबसे कम वोट मेहर सिंह को मात्र एक वोट मिली तो बलबीर सिंह को तीन वोट मिली। प्रधान सहित अन्य पदाधिकारियों व 13 कार्यकारिणी सदस्यों के लिए सुबह नौ बजे मतदान शुरू हुआ और तीन बजे तक जारी रहा। 300 डेलिगेट ने मतदान किया। दोपहर तक मतदान बेहद कम रहा लेकिन इसके बाद डेलिगेट मतदाताओं ने उत्साह दिखाया। चुनाव के लिए कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए थे। सभी पदों के चुनाव के लिए 77 उम्मीदवार मैदान में, जिनमें 13 कार्यकारिणी सदस्यों के लिए 46 उम्मीदवार थे। प्रधान पद के लिए नौ, वरिष्ठ उपप्रधान के लिए दो, उपप्रधान के लिए छह, महासचिव के लिए पांच, सहसचिव के लिए तीन, प्रैस सचिव के दो पदों के लिए तीन व खंजाची के लिए दो उम्मीदवार मैदान में थे। मुख्य चुनाव अधिकारी महाबीर सिंह का कहना है कि चुनाव पूरी शांति व पारदर्शिता के साथ हुआ। देर शाम चुनाव परिणाम घोषित होते ही प्रधान बने बलकार सिंह के साथ-साथ अन्य पदों पर विजयी रहे उम्मीदवारों का समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया।