अपराध अन्वेषण शाखा-दो की टीम ने स्कूटी पर लिफ्ट मांगकर स्कूटी चालक को बेहोश कर मारपीट और लूट करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी से लूट की गई सोने की अंगूठी और मोबाइल फोन बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार एक अप्रैल को खैरी निवासी शमशेर सिंह थाना सदर थानेसर में शिकायत दर्ज करवाते हुए बताया कि दोपहर करीब तीन बजे बीड मथाना के पास एक व्यक्ति ने उनसे स्कूटी पर लिफ्ट मांगी। कुछ दूर जाने के बाद आरोपी ने स्कूटी रुकवाई, शिकायतकर्ता के मुंह पर रुमाल रखकर बेहोश कर दिया। फिर उसे खंडहरनुमा मकान में ले जाकर मारपीट की और सोने की अंगूठी, चैन, 20 हजार रुपये तथा मोबाइल फोन छीन लिया। पीड़ित को मकान में बंद कर आरोपी भाग गया। बाद में शमशेर सिंह ईंट से दरवाजा तोड़कर बाहर निकलकर पुलिस को सूचना दी। टीम ने मामले में कार्रवाई करते हुए बीड सौंटी गांव निवासी गुलजार उर्फ टल्लू को गिरफ्तार किया। आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया। निरीक्षक मोहन लाल ने बताया कि आरोपी गुलजार उर्फ टल्लू के खिलाफ छीनाझपटी, घर में घुसकर चोरी और वाहन चोरी के सात मामले जिले के विभिन्न थानों में तथा हिमाचल प्रदेश के किन्नौर थाने में आबकारी अधिनियम का एक मामला दर्ज है।