षटतिला एकादशी के बाद द्वादशी के अवसर पर श्रद्धालुओं ने पूरे श्रद्धा भाव से व्रत का समापन किया। प्रातःकाल भगवान विष्णु की विधिवत पूजा-अर्चना के बाद ब्राह्मणों को भोजन कराकर तथा दान-पुण्य कर व्रत पूर्ण किया गया। इस अवसर पर मंदिरों में विष्णु भगवान को दही, चावल और खिचड़ी का भोग लगाया गया। श्री खाटू श्याम मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने श्री खाटू श्याम बाबा के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके पश्चात मंदिर परिसर में भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। वहीं आईटीआई चौक स्थित सांई मंदिर में दोपहर के समय सेवादारों द्वारा भंडारा लगाया गया। श्रद्धालुओं ने श्रद्धा भाव से प्रसाद ग्रहण कर सेवा में सहयोग दिया। अंसल टाउन स्थित शिव मंदिर में भी सुबह श्रद्धालुओं ने कीर्तन कर भगवान विष्णु की आराधना की और खिचड़ी का भोग लगाया। इस अवसर पर पंडित दीपक पांडे ने बताया कि मकर संक्रांति के दिन षटतिला एकादशी होने की वजह से श्रद्धालु भगवान विष्णु को चावल की खिचड़ी का भोग नही लगवा पाएं थे, आज सभी ने मंदिरों में पहुंच कर पूजा की और अपने व्रत का समापन किया।