जिला नागरिक अस्पताल में डॉक्टरों की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही। शनिवार को भी ओपीडी से लेकर नियमित सेवाएं पूरी तरह प्रभावित रहीं, जिससे मरीजों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। हड़ताल के कारण अस्पताल में तैनात कल्पना चावला गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज के पीजी छात्रों ने मरीजों को देखना जारी रखा, लेकिन मरीज पुराने डॉक्टरों को खोजते हुए भटकते रहे और कई बिना इलाज वापस लौट गए। अस्पताल में अव्यवस्था का आलम यह है कि अल्ट्रासाउंड सेवा ठप रही और कई मरीज जांच न होने के कारण खाली हाथ लौटे। वहीं रजिस्ट्रेशन काउंटर पर सर्वर बार-बार बंद होने से पर्ची कटने में देरी हुई। करीब आधे घंटे तक फार्मेसी और रजिस्ट्रेशन काउंटर दोनों प्रभावित रहे, जिससे मरीजों की लंबी कतारें लग गईं। मरीजों ने बताया कि हड़ताल के चलते न तो डॉक्टर मिल रहे हैं और न ही जांच सुविधाएं सही तरीके से चल रही हैं। लोगों का कहना है कि दूसरे दिन भी अस्पताल की सेवाओं के ठप रहने से उनका समय और पैसा दोनों बर्बाद हुआ। डॉक्टरों की ओर से अपनी मांगें पूरी होने तक हड़ताल जारी रखने का ऐलान किया गया है। मरीजों ने प्रशासन से जल्द समाधान निकालने की मांग की है, ताकि अस्पताल की सेवाएं सामान्य हो सकें।